मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने संभाला कार्यभार, बताई प्राथमिकताएं



मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने संभाला कार्यभार, बताई प्राथमिकताएं
देहरादून। आईएएस आनंद बर्धन ने आज उत्तराखंड के नवनियुक्त मुख्य सचिव के रूप में शपथ ली। उन्होंने पूर्व मुख्य सचिव राधा रतूड़ी से कार्यभार ग्रहण किया। राधा रतूड़ी का विस्तारित कार्यकाल आज समाप्त हो गया। मुख्य सचिव बनते ही आनंद बर्धन ने प्रदेश की आजीविका में सुधार, पलायन को रोकने और बेहतर आधारभूत संरचना विकसित करने को अपनी प्रमुख प्राथमिकताएं बतायीं।
बता दें कि पूर्व मुख्य सचिव राधा रतूड़ी को मूल रूप से 30 सितंबर 2023 को पदमुक्त होना था, लेकिन राज्य में निकाय चुनावों की तैयारियों को देखते हुए उन्हें छह माह का अतिरिक्त कार्यकाल दिया गया था। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक सुधारों और विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज उनके कार्यकाल की समाप्ति के साथ ही आनंद बर्धन ने यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
वहीं मुख्य सचिव के रूप में शपथ लेने के बाद आनंद बर्धन ने कहा कि वह प्रदेश के ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों से हो रहे पलायन को रोकने पर विशेष ध्यान देंगे। उन्होंने कहा हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रदेशवासियों को रोजगार और बेहतर सुविधाएं मिलें, ताकि उन्हें अपना घर छोड़कर अन्य राज्यों में न जाना पड़े।
मुख्य सचिव ने आधारभूत संरचना के विकास, विशेषकर सड़कों, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से काम करने की बात कही। साथ ही पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देकर स्थानीय लोगों के लिए आजीविका के नए अवसर पैदा करने पर विशेष जोर दिया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज लाइक और फॉलो करें