रुद्रपुर में मुख्यमंत्री धामी का भव्य रोड शो, विकास कार्यों का किया लोकार्पण



रुद्रपुर में मुख्यमंत्री धामी का भव्य रोड शो, विकास कार्यों का किया लोकार्पण

रुद्रपुर। प्रदेश सरकार के तीन साल पूरे होने पर आज उधमसिंह नगर जिला प्रशासन द्वारा सेवा, सुशासन और विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। इससे पूर्व उन्होंने गल्ला मंडी से बाजार होते हुए कार्यक्रम स्थल तक रोड शो किया। इस दौरान लोगों ने ढोल नगाड़े, पुष्प वर्षा और आतिशबाजी कर उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने तीन साल में किए गए कार्यों के बारे में जनता को जानकारी दी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने नगर निगम द्वारा तैयार किए गए वेंडिंग जोन की दुकानों का शुभारम्भ करते हुए व्यापारियों को उनकी चाबी सौंपी। उन्होंने करोड़ों की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया। इससे पूर्व उनका काफिला दोपहर गल्ला मंडी में पहुंचा। जहां से वह ओपन वाहन में सवार हो कर लोगों का अभिवादन करते हुए नजर आए। इस दौरान लोगों ने उनका पुष्प वर्षा और आतिशबाजी कर उनका जोरदार स्वागत किया।

वहीं रोड शो में पंजाबी भांगड़ा और पहाड़ी संस्कृति छोलिया नृत्य की झलक देखने को मिली। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने तीन सालों में किए गए कामों का जमकर बखान किया। उन्होंने कहा डबल इंजन सरकार प्रदेश को विकास की ओर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा प्रदेश सरकार ने तीन सालों में बड़े फैसले लिए हैं। जिसमें नकल विरोधी कानून, भू कानून, यूसीसी जैसे अहम कानून बनाए गए है। उन्होंने कहा प्रदेश के किसानों के लिए सरकार तमाम योजनाओं को अमलीजामा पहना रही है। अनुदान में कृषि यंत्र, बिना ब्याज के कृषि ऋण दिया जा रहा है। युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए तमाम योजनाएं बनाई गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा विधानसभा चुनाव के दौरान जो वादे किए गए थे 70 फीसदी से अधिक वादे पूरे कर लिए हैं। 30 फीसदी रहे वादों में सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि ये दशक उत्तराखंड का दशक का है। इसके लिए सरकार और प्रत्येक उत्तराखंडी को काम करना है।

इस अवसर पर विधायक काशीपुर त्रिलोक सिंह चीमा, महापौर काशीपुर दीपक बाली, राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू, प्रशासक जिला पंचायत रेनू गंगवार, अध्यक्ष नगर पालिका खटीमा रामू जोशी, जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा, विवेक सक्सेना, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, डॉ० प्रेम सिंह राणा, पूर्व मेयर रामपाल सिंह, अमित नारंग, राजेश कुमार सहित आयुक्त कुमांऊ मण्डल दीपक रावत, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार, उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, अपर जिलाधिकारी अशोक कुमार जोशी, पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त नरेश चंद दुर्गापाल सहित सभी पार्षद व जनता जनार्दन मौजूद थे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज लाइक और फॉलो करें