उत्तरायणी मेला देखकर लौट रही तीन छात्राओं को कार ने कुचला, एक की मौत और दो घायल



उत्तरायणी मेला देखकर लौट रही तीन छात्राओं को कार ने कुचला, एक की मौत और दो घायल
हल्द्वानी। उत्तरायणी मेले देखकर लौट रही तीन छात्राओं को तेज रफ्तार कार से रौंद दिया, इनमें से एक छात्रा की मौत हो गई जबकि दो घायल हैं। छात्राएं मेला देखकर पैदल घर वापस लौट रहीं थीं। पुलिस के मुताबिक कार चालक नशे में धुत था।
हादसे में जान गंवाने वाली 14 वर्षीय माही कोटाबाग क्षेत्र के गांव नाथूनगर निवासी आनंद सिंह की पुत्री थी। जो अपनी बड़ी बहन 17 वर्षीय कनक और गांव में रहने वाली अपनी 15 वर्षीय सहेली ममता पुत्री जितेंद्र सिंह के साथ कोटाबाग क्षेत्र में लगे उत्तरायणी मेले से पैदल वापस घर लौट रही थी।
पुलिस के मुताबिक रामदत्त बीआरसी के पास हल्द्वानी की ओर जाती तेज रफ्तार कार ने तीनों किशोरियों को अपनी चपेट में ले लिया, इस हादसे में तीनों घायल हो गयीं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान माही की मौत हो गई। इस बीच सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी रमेश चंद पंत भी पहुंच गए।
पुलिस के मुताबिक हल्द्वानी के लोहरियासाल ऊंचा पुल निवासी वाहन चालक भूपेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह कोटाबाग का सहायक खंड विकास अधिकारी है। मेडिकल परीक्षण में उसके नशे में होने की पुष्टि हुई है। वहीं घायल कनक और ममता को मुखानी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां दोनों की हालत स्थिर बनी हुई है।
इधर दुर्घटना को अंजाम देकर चालक तेजी से कार भगा ले गया, लेकिन कुछ दूर जाकर कार पहाड़ी से टकरा गई। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है और दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन की मदद से हटवाकर अपने कब्जे में ले लिया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज लाइक और फॉलो करें