यहां स्वच्छता पखवाड़े का कार्यक्रम स्थल बना लड़ाई का मैदान, भाजपा मंडल अध्यक्ष और महामंत्री में हुई मारपीट…


यहां स्वच्छता पखवाड़े का कार्यक्रम स्थल बना लड़ाई का मैदान, भाजपा मंडल अध्यक्ष और महामंत्री में हुई मारपीट…

लालकुआं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा द्वारा मनाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के कार्यक्रम में बिंदुखत्ता मंडल अध्यक्ष और महामंत्री के बीच मारपीट हो गयी। इसके बाद मंडल महामंत्री ने लालकुआं कोतवाली पहुंचकर पुलिस को घटना की तहरीर दी, साथ ही अपना चिकित्सकीय प्रमाण पत्र भी पुलिस को भी सौंपा।
बिंदुखत्ता भाजपा मंडल के कार्यकर्ता सोमवार की दोपहर को शहीद स्मारक स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम चला रहे थे। इसी कार्यक्रम में फोटो खिंचवाने को लेकर मंडल अध्यक्ष दीपक जोशी और मंडल महामंत्री मनोज बसनायत के बीच हुई नोकझोंक देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बमुश्किल दोनों पदाधिकारियों को अलग किया। उसके बाद मंडल महामंत्री मनोज बसनायत द्वारा लालकुआं कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर देते हुए मंडल अध्यक्ष दीपक जोशी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही हल्द्वानी चिकित्सालय में पहुंचकर अपना मेडिकल कराया जो देर शाम कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया। मंडल महामंत्री मनोज का आरोप है कि मंडल अध्यक्ष दीपक जोशी लंबे समय से उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं उन्हें कार्यक्रमों की सूचना तक नहीं देते हैं तथा बार-बार अभद्रता पर उतर आते हैं। जबकि मंडल अध्यक्ष दीपक जोशी का कहना है कि मंडल महामंत्री मनोज बसनायत पिछले 2 वर्षों से पूरी तरह निष्क्रिय हैं तथा पूर्व में पार्टी से इस्तीफा भी दे चुके हैं।
इधर लालकुआं कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक बलवंत सिंह कंबोज का कहना है कि मनोज बसनायत द्वारा दीपक जोशी के खिलाफ स्थानीय कोतवाली में तहरीर दी है, जिस पर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है, जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। वहीं मंडल महामंत्री मनोज बसनायत ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को भी शिकायती पत्र भेजकर मंडल अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। बताया जा रहा है कि इस पत्र में मंडल के कई पदाधिकारियों ने भी अपने हस्ताक्षर किए हैं। कुल मिलाकर प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भाजपा द्वारा मनाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के मौके पर बिंदुखत्ता मंडल अध्यक्ष और महामंत्री के बीच हुई मारपीट की यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज लाइक और फॉलो करें