भाजपा के अजय भट्ट को घेरने में जुटे कांग्रेस के प्रकाश, कहा झूटे वादे करने वालों को सिखाए सबक



भाजपा के अजय भट्ट को घेरने में जुटे कांग्रेस के प्रकाश, कहा झूटे वादे करने वालों को सिखाए सबक

नवनियुक्त लालकुआँ नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पांडेय युवा और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ पार्टी प्रत्याशी प्रकाश जोशी के लिए घर-घर जाकर कर रहे प्रचार

लालकुआँ। लोकसभा चुनाव में एक ओर भाजपा अबकी बार 400 पार के नारे के साथ चुनावी मैदान में है। वहीं कांग्रेस स्थानीय मुद्दों को लेकर भाजपा को घेरने में जुटी हुई है। लोकसभा चुनाव के मतदान की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं। जहां भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री मोदी के सहारे चुनाव जीतने का दावा कर रही है और भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट को जिताने के लिए पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र में नुक्कड़ सभाएं और घर-घर जाकर प्रचार कर रहे हैं। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जोशी भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट को लगातार स्थानीय मुद्दों को लेकर लगातार घेरने में जुटे हुए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जोशी का कहना है कि 2019 में चुनाव के समय अजय भट्ट ने जनता से जो वादे किए थे उन्हें पूरा करने में वे पूरी तरह से विफल रहे हैं। उनके द्वारा लालकुआँ वासियों को मालिकाना हक, मिनी स्टेडियम, बस अड्डा, अस्पताल में एक्स-रे मशीन तथा लाइनपार संजय नगर में पानी की टंकी के निर्माण के साथ-साथ बिन्दुखत्ता को राजस्व गाँव बनाने का वादा किया गया था, लेकिन सांसद बनने व केंद्रीय मंत्री रहते उनके द्वारा इनमें से कोई भी वादा पूरा नहीं किया गया। इतना ही नहीं प्रकाश जोशी ने आरोप लगाया कि अजय भट्ट अपनी 40 प्रतिशत सांसद धनराशि ही खर्च कर पाए, जबकि शेष बची सांसद धनराशि से क्षेत्र में तमाम विकास कार्य कराए जा सकते थे। उन्होंने कहा अब सांसद अजय भट्ट जनता के बीच जाकर कह रहे हैं कि उनकी गलती की सजा मोदी जी को मत देना। कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जोशी ने कहा कि देशभर में युवा बेरोजगार हैं, किसान परेशान हैं, महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं और आमजन बढ़ती मंहगाई व भ्रष्टाचार से परेशान है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी लोगों को मुंगेरीलाल के सपने दिखाने में लगी है। लेकिन अब जनता सबकुछ समझ चुकी है और वह अब झूठे वादे करने वालों को पूरी तरह से नकार कर कांग्रेस को सत्ता में लाना चाहती है। उन्होंने भाजपा को जुमलेबाज पार्टी बताते हुए कहा कि कांग्रेस जो कहती है, वही करती भी है।

वहीं कांग्रेस पार्टी के नवनियुक्त लालकुआँ नगर अध्यक्ष भुवन पांडेय कांग्रेस के युवा और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ पार्टी प्रत्याशी प्रकाश जोशी के प्रचार में घर-घर जाकर प्रचार कार्य में जुटे हुए हैं। उनका कहना है कि कांग्रेस को जनता का भरपूर समर्थन प्राप्त हो रहा है। इस बार जनता पूरी तरह से परिवर्तन का मन बना चुकी है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नैनीताल-उधमसिंह नगर संसदीय सीट जितने के साथ ही उत्तराखंड की पांचों सीटें जीतेगी और केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज लाइक और फॉलो करें