उत्तराखंड : माणा में रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म, 46 मजदूर सुरक्षित बचाये गए, 8 की मौत



उत्तराखंड : माणा में रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म, 46 मजदूर सुरक्षित बचाये गए, 8 की मौत

उत्तराखंड के चमोली में माणा के पास हिमस्खलन में की चपेट में आकर लापता चल रहे चार श्रमिकों के शव रविवार को खोज एवं बचाव दलों ने बरामद किए। इस हादसे में मरने वालों की संख्या आठ तक पहुंच गयी है। चार श्रमिकों के शव शनिवार को बरामद कर लिए गए थे। इस प्रकार अब तक कुल आठ श्रमिकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। रविवार को लापता चल रहे दून निवासी श्रमिक अरविंद का भी शाम को शव बरामद हो गया।खोज एवं बचाव दलों द्वारा उसका रेस्क्यू किए जाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया गया।
आपदा सचिव विनोद सुमन ने बताया कि ज्योतिर्मठ में मृतक श्रमिकों का पोस्टमार्टम किए जाने की कार्यवाही गतिमान है। मृतकों के शवों को उनके घर पहुंचाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि सुरक्षित रेस्क्यू किए गए 44 श्रमिकों को ज्योतिर्मठ में सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी की स्थिति सामान्य है। उनके उपचार की समुचित व्यवस्था की गई है तथा उनकी जरूरतों का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। वहीं गंभीर रूप से घायल दो श्रमिकों का एम्स ऋषिकेश में उपचार किया जा रहा है। एम्स ऋषिकेश प्रशासन से प्राप्त सूचना के अनुसार उनकी स्थिति में सुधार है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज लाइक और फॉलो करें