यहां ट्रक और टुक-टुक की भिड़ंत में एक महिला की दर्दनाक मौत, दो अन्य गंभीर घायल



यहां ट्रक और टुक-टुक की भिड़ंत में एक महिला की दर्दनाक मौत, दो अन्य गंभीर घायल
हल्द्वानी। यहां एक सड़क हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके पति व रिश्तेदार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में त्रिमूर्ति मंदिर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान ट्रक के टायर के नीचे आने से महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि पति और एक अन्य महिला घायल हो गई। दोनों घायलों को गंभीरावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक गोविंदपुरा सुभाषनगर निवासी बबलू ई-रिक्शा चालक है। बताया जा रहा है कि बुधवार रात बबलू को कुछ सामान छोड़ने के लिए मुखानी के त्रिमूर्ति मंदिर के पास जाना था। उसकी पत्नी ममता आर्या ने भी उसके साथ जाने को कहा, जिस पर उसने पत्नी और और रिश्तेदार पुष्पा को ई-रिक्शे में बैठा लिया। त्रिमूर्ति मंदिर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में 37 वर्षीय ममता ट्रक के नीचे आ गई। जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि इस हादसे में बबलू व पुष्पा गंभीर रूप से घायल हो गए। इधर दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
वहीं गंभीर रूप से घायल बबलू को डा. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय और पुष्पा को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुखानी थानाध्यक्ष विजय मेहता ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज लाइक और फॉलो करें