गूगल मैप ने दिखाया मौत का रास्ता, गहरे नाले में कार गिरने से हुई स्टेशन मास्टर की मौत



गूगल मैप ने दिखाया मौत का रास्ता, गहरे नाले में कार गिरने से हुई स्टेशन मास्टर की मौत
नोएडा। यहां गूगल मैप की वजह से बड़ा हादसा हो गया। ग्रेटर नोएडा में गूगल मैप के सहारे जा रहे स्टेशन मास्टर की कार 30 फीट गहरे नाले में जा गिरी। इस हादसे में स्टेशन मास्टर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शादी समारोह में जाते समय एक स्टेशन मास्टर हादसे का शिकार हो गए।
दरसअल पूरा मामला बीटा टू थाना क्षेत्र के पी 3 सेक्टर के पास का है, जहां पर दिल्ली के मंडावली के रहने वाले स्टेशन मास्टर भारत भाटी एक शादी समारोह में जा रहे थे। उन्होंने गूगल मैप लगा रखा था। जब वह केंद्रीय विहार-2 सोसायटी के सामने से तेज रफ्तार से अपनी कार लेकर निकले, तो थोड़ा आगे चलकर रास्ता खत्म हो गया और नाला आ गया जिसमें उनकी कार जा गिरी। आसपास के लोगों द्वारा इस हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई।
वहीं सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चौकी इंचार्ज ने अपने सिपाहियों के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत करते हुए स्टेशन मास्टर को बाहर निकलकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने स्टेशन मास्टर के पास मिले आई कार्ड से पहचान की और हादसे की जानकारी उनके परिजनों को दी।
इधर शुरुआती जांच में पाया गया कि सड़क किनारे सुरक्षा उपायों की कमी के चलते यह हादसा हुआ। अगर उस जगह पर ग्रिल या रेलिंग होती तो शायद कार सवार की जान बच सकती थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस जगह पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। रास्ता अचानक से आगे जाकर बंद हो जाता है और सीधा नाले में खुलता है। इसकी वजह से वाहन चालक को पता नहीं चलता है और वह हादसे का शिकार हो जाता है। वहीं इस हादसे के बाद नोएडा पुलिस ने नाले के आगे बैरिकेडिंग लगा दी है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज लाइक और फॉलो करें