वन तस्करों के हौंसले बुलंद, वन दरोगाओं पर हमला कर बंदूक, मोबाइल तोड़े और बेल (फल) से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर हुए फरार



वन तस्करों के हौंसले बुलंद, वन दरोगाओं पर हमला कर बंदूक, मोबाइल तोड़े और बेल (फल) से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर हुए फरार
हल्द्वानी। वन तस्करों के हौंसले इतने बढ़ गए हैं कि वे अब वन विभाग पर भारी पड़ते दिखाई दे रहे हैं। ताजा मामला तराई केंद्रीय वन प्रभाग के भाखड़ा रेंज का है। जहां गुरूवार को वन तस्करों ने दो वन दरोगाओं पर हमला कर दिया। तस्करों ने उनकी बंदूक, बाइक और मोबाइल फोन तोड़ डाले साथ ही छह कारतूस भी लूट लिये। इस मामले में पुलिस ने लगभग सात आरोपियों पर केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक गुरूवार रात भाखड़ा रेंज के वन दरोगा मनोज कुमार मेलकानी और मोहन सिंह चौहान लामाचौड़ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान वन निगम कटान प्लॉट के गेट नंबर 27 के पास उन्हें दो बाइक और उनके पीछे ट्रैक्टर-ट्रॉली जाती दिखी। इस पर उन्होंने पीछा किया और लामाचौड़ प्रथम गेट के पास गाड़ी को रोक लिया। ट्रॉली में बेल (फल) से भरे कट्टे लदे थे। वन दरोगा कुछ समझ पाते उससे पहले ही युवकों ने उन पर हमला कर दिया और लाठियों से दोनों को घायल कर दिया। एक वन दरोगा के चेहरे और दोनों के पैरों पर भी चोट आयी है। मोहन सिंह ने सरकारी बंदूक से गोली चलानी चाही तो उसे छीनकर तोड़ दिया गया। उसके बाद गेट तोड़कर सभी वन तस्कर भाग निकले। इस पर दोनों दरोगाओं ने वन तस्करों का पीछा किया। कुछ दूर आगे ट्रैक्टर खड़ा मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित दोनों वन दरोगाओं ने मुखानी थाने में दी तहरीर में बताया कि एक महिला समेत सात तस्करों द्वारा पीपलपड़ाव वन चौकी पहुंचकर उनके साथ मारपीट की गई तथा जबरन कब्जे में ली बेल (फल) से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली भी लेकर फरार हो गए।
इस मामले में वन दरोगा मनोज कुमार ने लामाचौड़ के प्रेमपुर नवाड के तीन परिवारों के सात युवकों पर मुखानी थाने में मुकदमा दर्जकराया। इनमें सूरज, राजकुमार और उसका भाई संजय, दो अन्य सगे भाई युवराज और जोगेंद्र तथा तीसरे परिवार के दो भाई रोहित और राममूर्ति शामिल हैं। सभी पर लोक सेवक को चोट पहुंचाने, समूह में घातक हथियार से हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराएं लगायी गयीं हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज लाइक और फॉलो करें