भाजपा पदाधिकारी विवाद : मंडल महामंत्री ने अध्यक्ष पर दर्ज कराया मुकदमा, मंडल अध्यक्ष ने भी महामंत्री के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर बताया जानमाल का खतरा

Join WhatsApp Group
ख़बर शेयर करें

भाजपा पदाधिकारी विवाद : मंडल महामंत्री ने अध्यक्ष पर दर्ज कराया मुकदमा, मंडल अध्यक्ष ने भी महामंत्री के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर बताया जानमाल का खतरा

लालकुआं। बिन्दुखत्ता भाजपा मंडल महामंत्री की तहरीर पर मंडल अध्यक्ष के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके बाद मंडल अध्यक्ष दीपक जोशी ने भी मंडल महामंत्री के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए अपनी जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।बिंदुखत्ता भाजपा के दो पदाधिकारियों के बीच हुआ विवाद अब बढ़ता ही जा रहा है। मंडल महामंत्री मनोज बसनायत ने मंडल अध्यक्ष दीपक जोशी के खिलाफ गत दिवस लालकुआं कोतवाली में जो तहरीर दी थी उस पर पुलिस ने मारपीट समेत जान से मारने की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर दिया है। भाजपा संगठन और क्षेत्रीय विधायक डॉ0 मोहन सिंह बिष्ट द्वारा इस प्रकरण में अब तक किए जा रहे तमाम प्रयास विफल साबित हुए हैं। क्योंकि जैसे-जैसे घटना की अवधि बढ़ रही है वैसे-वैसे दोनों के बीच विवाद भी बढ़ रहा है। मंडल महामंत्री मनोज बसनायत की तहरीर पर पुलिस ने भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक जोशी के खिलाफ धारा 323, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया है।बता दें कि बीते दिवस शहीद स्मारक बिंदुखत्ता में स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक जोशी तथा महामंत्री मनोज बसनायत में किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। महामंत्री मनोज बसनायत का आरोप है कि दीपक जोशी द्वारा उनके साथ गाली-गलौज करने के साथ साथ मारपीट भी की गई। उन्होंने अपना मेडिकल करवाने के बाद पुलिस को तहरीर दी। इस मामले में मंडल अध्यक्ष दीपक जोशी का कहना था कि मंडल महामंत्री पिछले 2 वर्षों से निष्क्रिय चल रहे हैं, और पूर्व में उन्होंने इस्तीफा भी दे दिया था, अब जब मंडल के चुनाव नजदीक आ रहे हैं तो वह अपनी सक्रियता बढ़ाने एवं दावेदारी के चक्कर में इस तरह की अभद्रता कर रहे हैं। वहीं दीपक जोशी ने भी इस मामले में कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है, जिसमें उन्होंने मंडल महामंत्री से अपनी जानमाल को खतरा बताया गया है। इस तहरीर पर भी अब मुकदमा दर्ज होना तय माना जा रहा है। बरहाल बिंदुखत्ता भाजपा मंडल महामंत्री द्वारा अपने ही मंडल अध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा लिखाना तथा मंडल अध्यक्ष द्वारा अपने मंडल महामंत्री के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देना अनुशासित मानी जाने वाली सत्तारूढ़ भाजपा की छवि निश्चित तौर पर प्रभावित होगी।