निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस को लगा जोर का झटका, तीन प्रत्याशी नामांकन खारिज होने से हुए धराशाई



निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस को लगा जोर का झटका, तीन प्रत्याशी नामांकन खारिज होने से हुए धराशाई
देहरादून। उत्तराखंड के निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी को जोर का झटका लगा है। पार्टी के तीन प्रमुख प्रत्याशियों का नामांकन रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा खारिज कर दिया गया है जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में रोष है। वहीं प्रत्याशियों ने अपने नामांकन खारिज होने पर विरोध भी जताया है।
उधमसिंह नगर के नानकमत्ता नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी सुखविंदर सिंह खिंडा का नामांकन रिटर्निंग ऑफिसर ने निरस्त कर दिया है। भाजपा प्रत्याशी प्रेम सिंह टूरना ने कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराई थी। जिसमें कहा गया था कि सुखविंदर सिंह खिंडा ने सिंचाई विभाग की सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर मकान बना लिया है। इस आपत्ति पर रिटर्निंग ऑफिसर ने जांच की और कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन रद्द कर दिया।
उधमसिंह नगर जिले के नगला नगर पंचायत में भी कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है। यहां अध्यक्ष पद के कांग्रेस प्रत्याशी हरिओम सिंह चौहान का नामांकन उम्र कम होने के कारण निरस्त कर दिया गया है। अब इस सीट पर भाजपा और तीन निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी मैदान में बचे हैं। कांग्रेस और अन्य निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपना नामांकन किया था लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन रद्द कर दिया गया।
वहीं हरिद्वार जनपद के मंगलौर नगर पालिका से कांग्रेस प्रत्याशी चौधरी इस्लाम का नामांकन पत्र भी खारिज कर दिया गया। जिस पर मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने एक प्रेस वार्ता में इस पर विरोध जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह नामांकन एक साजिश के तहत खारिज किया गया है। उन्होंने निर्वाचन अधिकारी के फोन की डिटेल निकलवाने की मांग की है, ताकि यह पता चल सके कि किस राजनीतिक दबाव में यह निर्णय लिया गया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज लाइक और फॉलो करें